top of page

संपादकीय... ज्वेलरी इंडस्ट्री में असमंजस और वित्तीय वर्ष की शुरूआत

  • Aabhushan Times
  • Apr 21
  • 3 min read
सिद्धराज लोढ़ा
सिद्धराज लोढ़ा

वित्तीय वर्ष का पहला महीना अप्रैल हमेशा नई उम्मीदों, नई रणनीतियों और बाजार की नई दिशा तय करने का समय होता है। लेकिन इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत वैश्विक अस्थिरता, विशेषकर युद्ध जैसी परिस्थितियों के साए में हो रही है। ऐसे समय में ज्वेलरी उद्योग के लिए सबसे बड़ी चुनौती है—अनिश्चितता के बीच संतुलन और संयम बनाए रखना। हालांकि अप्रैल का यह महीना भले ही चुनौतियों से भरा हुआ है, लेकिन यह अवसरों के भी संकेत लाया है। युद्ध के वैश्विक हालात में, पूरी दुनिया भर में ज्वेलरी इंडस्ट्री में उतार-चढ़ाव देखनो को मिल रहा है, जो कि बेहद स्वाभाविक हैं, लेकिन धैर्य, समझदारी और रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ ज्वेलर्स न केवल इस दौर से पार पा सकते हैं, बल्कि भविष्य में और अधिक मजबूत स्थिति में उबर सकते हैं। यह समय घबराने का नहीं, बल्कि संभलकर आगे बढऩे का है, क्योंकि हर संकट अपने साथ कई नए अवसर भी लेकर आता है। ज्वेलरी इंडस्ट्री की आपकी सबसे लोकप्रिय और प्रमुख पत्रिका 'आभूषण टाइम्स' का फोकस सदा बाजार पर रहा है तथा ऐसे हालात में 'आभूषण टाइम्स' आपकी संकटकालीन मुश्किलों में ऐप के साथ खड़ा है।  


ज्वेलरी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी चिंता वैश्विक हालात हैं। एक तरफ गोल्ड व सिल्वर के तेजी से घटते - बढ़ते रेट हैं, तो दूसरी तरफ ग्राहकी में मंदी का माहौल है। गोल्ड और सिल्वर के रेट्स में हाल के महीनों में जो तीव्र उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं, वह केवल बाजार की सामान्य गतिविधि नहीं बल्कि वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों का सीधा प्रभाव है। युद्ध की स्थिति में निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं, जिससे गोल्ड की मांग बढ़ती है, लेकिन समानांतर रूप से आर्थिक दबाव और तरलता की कमी कीमतों में गिरावट भी ला सकती है। यही कारण है कि हमने देखा कि सोना जहां 1.85 लाख के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने के बाद वहां से गिरकर 1.35 लाख तक नीचे आया, वहीं चांदी भी 4.20 लाख की रिकॉर्ड ऊंचाई के लेवल से गिरकर 2.20 लाख तक नीचे आ पहुंची। यह गिरावट निश्चित रूप से चिंता का विषय रही है, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि बाजार ने फिर से रिकवरी के संकेत दिए हैं। ऐसी परिस्थितियों में ज्वेलर्स के लिए सबसे महत्वपूर्ण है—संयम और धैर्य। घबराहट में निर्णय लेने के बजाय रणनीतिक सोच और दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। जो ज्वेलर्स इस समय धैर्य बनाए रखेंगे, वही भविष्य में मजबूत स्थिति में उभरेंगे।


इसी अनिश्चित माहौल के बीच बेंगलुरू में आयोजित द जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल द्वारा आयोजित 'आइआइजेएस भारत तृतीया' ज्वेलरी एग्जिबिशन को मिला संतोषजनक प्रतिसाद ज्वेलरी इंडस्ट्री के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। यह संतोषजनक प्रतिसाद दर्शाता है कि चुनौतियों के बावजूद हमारी ज्वेलरी इंडस्ट्री की मूलभूत ताकत बरकरार है। विश्व में युद्ध के माहौल, गोल्ड के फिसलते रेट और बाजार में मंदी सेल होने के बावजूद 'आइआइजेएस भारत तृतीया' ज्वेलरी एग्जिबिशन खरीदारों और विक्रेताओं की संतोषजनक भागीदारी ने यह साबित किया कि ज्वेलरी इंडस्ट्री के लिए व्यापारिक विश्वास पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि वह अनुकूल अवसर की प्रतीक्षा में है।


हालांकि, यह भी सच है कि संकटकाल में ज्वेलरी की रिटेल सेल पर असर पड़ा है। उपभोक्ताओं की खर्च करने की शक्ति में कमी आई है। हालांकि विवाह का सीजन सामने खड़ा है फिर भी, जरूरत की ज्वेलरी के अलावा लग्जरी खरीदारी जैसी ज्वेलरी की डिमांड को अस्थायी रूप से एक धीमी सफ्तार पर है। दूसरी ओर, बुलियन ट्रेड में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। निवेश के रूप में गोल्ड व सिल्वर अभी भी लोगों की प्राथमिकता बने हुए हैं, जिससे बुलियन की सेल के सेगमेंट में संतोषजनक गतिविधि बनी रही। यह एक महत्वपूर्ण संकेत है कि बाजार पूरी तरह ठहरा नहीं है, बल्कि उसका स्वरूप बदल रहा है।


वैश्विक स्तर पर गोल्ड के जानकार और विश्लेषक इस स्थिति को लेकर आश्वस्त नजर आते हैं। उनका मानना है कि मौजूदा गिरावट एक अस्थायी सुधार है, न कि दीर्घकालिक या स्थायी गिरावट। आर्थिक अनिश्चितता, मुद्रास्फीति और केंद्रीय बैंकों की नीतियां अंतत: गोल्ड और सिल्वर की कीमतों को समर्थन देंगी। इसी कारण आने वाले महीनों में दोनों धातुओं के फिर से तेजी पकडऩे की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। इस पूरे परिदृश्य में कई चुनोतियों के बावजूद, भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री के लिए सबसे बड़ी सीख यही है कि बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा। डिजिटल ट्रेंड, हल्के वजन के आभूषण, निवेश-उन्मुख उत्पाद और ग्राहक की बदलती प्राथमिकताओं को समझना अब पहले से अधिक जरूरी हो गया है। केवल पारंपरिक व्यापार मॉडल पर निर्भर रहना अब पर्याप्त नहीं है। ज्वेलरी इंडस्ट्री की प्रमुख पत्रिका होने के नाते 'आभूषण टाइम्स' आपकी भावनाओं का पहरेदार है तथा वर्तमान माहौल में हर ज्वेलर को हम कहना चाहते हैं कि, इतिहास गवाह है कि कोई भी संकट स्थायी नहीं होता। युद्ध चाहे लंबा चले या अल्पकालिक हो, बाजार अंतत: संतुलन की ओर लौटता है। इसलिए विश्वास रखिए, युद्ध के माहौल के बावजूद आनेवाले कुछ ही दिनों में, अच्छे फिर दिन आएंगे!


 
 
 

Comments


Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page