top of page

संपादकीय... वैश्विक मंदी और ज्वेलरी उद्योग की मुश्किल

  • Aabhushan Times
  • Jun 15
  • 4 min read
सिद्धराज लोढ़ा
सिद्धराज लोढ़ा

ज्वेलरी इंडस्ट्री मंदी के माहौल में उतरने जा रही है, अत: सभी को सावधान रहने की जरूरत है। मंदी जब जब आती है, तो समझदार लोग उसे चुनौतियों के बीच अवसर तलाशने का समय बताते है, लेकिन 'घायल की गति घायल जाने' वाली कहावत के अनुसार सबसे खराब हालत ज्वेलरी बिजनेस से जुड़े लोगों की है, जिन पर रोटी रोटी का संकट मंडरा रहा है। हम जानते हैं कि भारत का ज्वेलरी उद्योग केवल एक व्यापार नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मगर, हमारी इसी सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक परंपराओं का ढांटा चरमरा रहा है। विवाह, त्यौहार, निवेश और पारिवारिक विरासत के रूप में गोल्ड, सिल्वर और जायमंड की ज्वेलरी हमारे भारतीय जीवन का अभिन्न अंग रहे हैं। लेकिन वर्तमान समय में ज्वेलरी उद्योग एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां वैश्विक आर्थिक मंदी, बढ़ती महंगाई, अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता और रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची गोल्ड की कीमतों ने पूरे कारोबार को दबाव में ला दिया है।


भारतीय ज्वेलरी कारोबार, जो घरेलू मांग के साथ-साथ निर्यात पर भी काफी हद तक निर्भर है, इस वैश्विक मंदी की मार को महसूस कर रहा है। मंदी के बढऩे से सबसे बड़ी चिंता भारतीय ज्वेलरी की सेल में गिरावट की है। घरेलू मार्केट में तो ज्वेलर्स के शो रूम खाली दिख ही रहे हैं, एक्सपोर्ट में भी लगातार कमी दिखाई दे रह। अमेरिका और यूरोप जैसे पारंपरिक बाजारों से भारत को मिलने वाले ज्वेलरी के ऑर्डर कम हुए हैं। कट एवं पॉलिश्ड डायमंड, जडि़त ज्वेलरी और अन्य उच्च मूल्य वाले उत्पादों की मांग कमजोर हुई है। कई निर्यातकों के पास उत्पादन क्षमता तो है, लेकिन पर्याप्त ऑर्डर नहीं हैं। परिणामस्वरूप अनेक इकाइयों में उत्पादन घटाया गया है और रोजगार पर भी दबाव बढ़ा है। निर्यात क्षेत्र में यह सुस्ती केवल कारोबारियों की नहीं, बल्कि पूरे उद्योग की चिंता का विषय बन चुकी है। पिछले कुछ वर्षों में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं आर्थिक सुस्ती का सामना कर रही हैं। अमेरिका, यूरोप और चीन जैसे बड़े बाजारों में उपभोक्ता खर्च कम हुआ है। इसका सीधा असर लग्जरी उत्पादों की मांग पर पड़ा है, जिसमें ज्वेलरी उद्योग भी शामिल है। 


ज्वेलरी सेक्टर में घरेलू मार्केट की स्थिति चिंताजनक हालात की तरफ बढ़ रही है। गोल्ड की कीमतों ने लगातार नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की बड़ी खरीद, वैश्विक स्तर पर राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की तलाश सहित बढ़ी हुई इंपोर्ट़् ड्यूटी ने गोल्ड को लगातार महंगा किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की मांग बढ़ी और उसका प्रभाव भारतीय बाजार पर भी पड़ा। जब भी दुनिया में आर्थिक या राजनीतिक संकट बढ़ता है, तो विभिन्न देशों के सैंट्रल बैंक्स गोल्ड की ओर आकर्षित होते हैं, लेकिन सामान्य लोगों में पहली बार ऐसा देखने में आ रहा है कि वे दूर दिख रहे हैं। गोल्ड के बढ़ते दामों का सबसे अधिक असर ग्राहकी पर दिखाई दे रहा है। मध्यम वर्ग और सामान्य उपभोक्ता अब पहले की तुलना में कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। जहां पहले लोग भारी आभूषण खरीदते थे, वहीं अब हल्के वजन की ज्वेलरी, छोटे आभूषण या पुराने गहनों के एक्सचेंज को प्राथमिकता दी जा रही है। कई परिवार खरीदारी को टाल रहे हैं और केवल आवश्यक अवसरों पर ही ज्वेलरी खरीद रहे हैं। इसका सीधा असर रिटेल कारोबारियों की बिक्री पर पड़ रहा है। 


ज्वेलर्स की व्यापारिक परेशानियां भी लगातार बढ़ रही हैं। ऊंचे दामों पर स्टॉक रखना महंगा हो गया है। कार्यशील पूंजी की आवश्यकता बढ़ गई है, जबकि बिक्री की गति धीमी हुई है। छोटे और मध्यम स्तर के ज्वेलर्स के लिए यह स्थिति और अधिक कठिन है क्योंकि उनके पास बड़े कॉर्पोरेट ब्रांडों जैसी वित्तीय क्षमता नहीं होती। बैंकिंग लागत, कर्मचारियों का खर्च, किराया, सुरक्षा और अन्य परिचालन व्यय लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि लाभ का मार्जिन घटता जा रहा है। डायमंड उद्योग भी चुनौतियों से अछूता नहीं है। प्राकृतिक डायमंड की मांग में कमी और लैब-ग्रोन डायमंड के बढ़ते प्रभाव ने पारंपरिक डायमंड कारोबार पर दबाव बनाया है। वैश्विक बाजार में कीमतों में गिरावट और मांग में कमजोरी के कारण कई डायमंड प्रोसेसिंग इकाइयों को उत्पादन कम करना पड़ा है। यह स्थिति विशेष रूप से गुजरात के हीरा उद्योग के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। 


चुनौतियां बेहद गंभीर हैं, लेकिन इस आर्थिक संकट के मुश्किल दौर में अवसर भी छिपे हैं। भारतीय ज्वेलरी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत उसकी डिजाइन क्षमता, कुशल कारीगर और वैश्विक स्तर पर स्थापित पहचान है। उद्योग को अब नए बाजारों की तलाश, उत्पादों में नयापन, हल्के वजन की ज्वेलरी, कस्टमाइज्ड डिजाइन और डिजिटल बिक्री चैनलों पर अधिक ध्यान देना होगा। साथ ही सरकार और उद्योग संगठनों को निर्यात बढ़ाने, वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और नए अंतरराष्ट्रीय बाजार विकसित करने के लिए मिलकर काम करना होगा। वर्तमान परिस्थितियां निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन भारतीय ज्वेलरी उद्योग ने अतीत में भी अनेक संकटों का सफलतापूर्वक सामना किया है। आवश्यकता इस बात की है कि उद्योग बदलते वैश्विक परिदृश्य को समझे, नई रणनीतियां अपनाए और ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप स्वयं को ढाले। यही दृष्टिकोण आने वाले वर्षों में इस उद्योग को पुन: विकास की राह पर ले जा सकता है।


ज्वेलरी सेक्टर में घरेलू मार्केट की स्थिति चिंताजनक हालात की तरफ बढ़ रही है। गोल्ड की कीमतों ने लगातार नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की बड़ी खरीद, वैश्विक स्तर पर राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की तलाश सहित बढ़ी हुई इंपोर्ट़् ड्यूटी ने गोल्ड को लगातार महंगा किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की मांग बढ़ी और उसका प्रभाव भारतीय बाजार पर भी पड़ा।


 
 
 

Comments


Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page