top of page

नई सोच और नई उड़ान के साथ आगे बढ़ रही युवा ज्वेलर्स की पीढ़ी

  • Aabhushan Times
  • 24 hours ago
  • 3 min read

आभूषण टाइम्स के विशेषांक का भव्य विमोचन, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों का किया सम्मान

मुंबई। भारतीय ज्वेलरी उद्योग में नई पीढ़ी के बढ़ते प्रभाव और बदलती कारोबारी सोच को समर्पित देश की प्रतिष्ठित ज्वेलरी पत्रिका आभूषण टाइम्स के विशेषांक नई सोच, नई उड़ान - युवा पीढ़ी के ज्वेलर्स, इंडस्ट्री का भविष्य का मुंबई के ऐतिहासिक जवेरी बाजार स्थित इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के सभागार में भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए ज्वेलरी उद्योग के प्रमुख उद्यमियों, संगठनों के पदाधिकारियों तथा युवा ज्वेलर्स की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) के पूर्व चेयरमैन संयम मेहरा ने विशेषांक का विमोचन करते हुए कहा कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग आज परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत नई पीढ़ी है। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी आधुनिक तकनीक, डिजिटल मार्केटिंग, डिज़ाइन इनोवेशन और वैश्विक दृष्टिकोण के साथ उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने आभूषण टाइम्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विशेषांक और सम्मान समारोह युवाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ पूरे उद्योग को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

द जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) के वेस्टर्न रीजन की चेयरपर्सन खुशबू राणावत ने कहा कि ज्वेलरी व्यवसाय में उपभोक्ताओं की पसंद, तकनीक और बाजार की कार्यशैली तेजी से बदल रही है। नई पीढ़ी इन परिवर्तनों को न केवल स्वीकार कर रही है, बल्कि उन्हें अपने व्यवसाय की ताकत भी बना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योग में नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं तथा युवा उद्यमियों को आगे बढऩे की नई प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर आभूषण टाइम्स द्वारा ज्वेलरी उद्योग में उल्लेखनीय कार्य कर रही युवा पीढ़ी का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में खुशबू राणावत - स्वर्णशिल्प, विराज थडेश्वर - श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र, स्नेह सुरेश जैन - रॉयल चेन्स,  राहुल मेहता - सिल्वर एम्पोरियम, दिपक सेठ - एसके सेठ ज्वेलर्स(मोहनलाल सेठ), पियुष सोनी - शिल्पी ज्वेल्स, शुभम बापना - श्री तरू ज्वेल्स, यश् खोंटेड - राज ज्वेलर्स ग्लोबल प्रा. लि., किरण शाह - अंसा ज्वेलर्स, चिंतन सोलंकी - संगम हाऊस, राज कोठारी - मास्टर चेन्स एण्ड ज्वेल्स, अंश जैन - वि चेन्स, भाविक साकरिया - इलिजा डायमंड, मोनिल जैन - जुगराज कांतिलाल, अंकित बिरावत - चेन एन चेन्स, अक्रांत कोठारी - आर कोठारी, अंकित मेहरा - युनिक चेन्स जैसे युवा प्रमुख थे। सभी ने अपने विचार साझा करते हुए आभूषण टाइम्स के इस पहल को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मुंबई होलसेल गोल्ड ज्वेलर्स

एसोसिएशन के प्रेसिडेंट महेश बाफना, जीजेसी के डायरेक्टर साहिल मेहरा, यूनिक चेन्स के प्रेम मेहरा, चैन कॉर्नर के प्रकाश काग्रेचा, विनायक एक्सपोर्ट के दिनेश जैन, स्काई चैन के अनिल पामेचा, मंगलमणि के जुगराज बोहरा, साकरिया ज्वेलर्स के प्रवीण साकरिया, संगम चेन्स के रमण सोलंकी सहित ज्वेलरी उद्योग से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित उद्यमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आभूषण टाइम्स के प्रधान संपादक सिद्धराज लोढ़ा ने कहा कि आज का युवा ज्वेलर केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह ब्रांड निर्माण, गुणवत्ता, पारदर्शिता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग का भविष्य इन्हीं युवा हाथों में सुरक्षित है। इब्जा के डायरेक्टर कांतिलाल पी शाह (अंसा ज्वेलर्स) ने अपने लंबे व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए युवाओं से परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, विश्वास और गुणवत्ता ही इस व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है। बुलियन बिजनेस से जुड़े राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार ने कहा कि समय के साथ केवल बाजार ही नहीं बदलता, बल्कि व्यापार की प्रकृति, ग्राहकों की अपेक्षाएं और काम करने के तरीके भी बदलते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी इन बदलावों को तेजी से समझ रही है और आधुनिक सोच के साथ अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। यही दृष्टिकोण भारतीय ज्वेलरी उद्योग को भविष्य में और अधिक सशक्त बनाएगा।


कार्यक्रम के अंत में आभूषण टाइम्स के संपादक राकेश लोढ़ा ने सभी अतिथियों एवं युवा ज्वेलर्स का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आभूषण टाइम्स हमेशा ज्वेलरी उद्योग की सकारात्मक पहल और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता रहा है तथा भविष्य में भी युवा उद्यमियों का सहयोगी और मार्गदर्शक बनने का प्रयास जारी रहेगा। समारोह के दौरान आभूषण टाइम्स को भारतीय ज्वेलरी ट्रेड की अग्रणी और विश्वसनीय पत्रिका बताते हुए उसकी उद्योग हित में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका की भी मुक्तकंठ से सराहना की गई।



 
 
 

Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page