top of page

संपादकीय...

Aabhushan Times
Aug 27
4 min read

युवा ऊर्जा, स्वर्णिम संभावनाएं और 

भारतीय ज्वेलरी उद्योग का नया आत्मविश्वास

भारतीय ज्वेलरी उद्योग केवल कारोबार का माध्यम नहीं, बल्कि परंपरा, विश्वास और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक है। बदलते समय के साथ इस उद्योग की दिशा भी बदल रही है। नई पीढ़ी के ज्वेलर्स आधुनिक सोच, नई तकनीक और वैश्विक दृष्टिकोण के साथ इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में जुटी है। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की चाल, घरेलू मांग और निवेशकों का विश्वास आने वाले महीनों की तस्वीर तय कर रहा है। इसी बीच 'आभूषण टाइम्स'  द्वारा युवा ज्वेलर्स पर प्रकाशित विशेषांक को मिले अभूतपूर्व स्नेह और 'आइआइजेएस भारत प्रीमियर-2026' की ऐतिहासिक सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग एक नए आत्मविश्वास के दौर में प्रवेश कर चुका है। इस अंक में आपसे इस बातचीत में मार्केट के उसी सकारात्मक बदलाव, नई संभावनाओं और भविष्य की उम्मीदों के प्रतिबिंब की बात करते हैं।

मुंबई के युवा ज्वेलर्स पर 'आभूषण टाइम्स' द्वारा प्रकाशित विशेषांक को जिस प्रकार उद्योग, व्यापारिक संगठनों और पाठकों का स्नेह मिला, वह हमारे लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। 'आभूषण टाइम्स'  के इस विशेषांक ने यह सिद्ध किया कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग की नई पीढ़ी केवल कारोबार नहीं बढ़ा रही, बल्कि नए नए प्रयोगों, डिज़ाइन के क्रिएशन, ब्रांडिंग और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी अपनी अलग पहचान बना रही है। हम उन सभी युवा उद्यमियों, पाठकों, विज्ञापनदाताओं और उद्योग से जुड़े प्रत्येक सहयोगी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस प्रयास को सफल बनाया। 'आभूषण टाइम्स' आगे भी देशभर की उभरती प्रतिभाओं, नई सोच और प्रेरणादायक सफलताओं को मंच देता रहेगा। हमारा संकल्प है कि हर उस युवा ज्वेलर की कहानी देश के सामने लाएं, जो अपने परिश्रम और दृष्टि से भारतीय ज्वेलरी उद्योग का भविष्य गढ़ रहा है। जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल द्वारा आयोजित 'आइआइजेएस भारत प्रीमियर-2026' ज्वेलरी एग्जिबिशन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग की विकास यात्रा पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। देश-विदेश से आए हजारों खरीदारों, निर्माताओं और निर्यातकों की सक्रिय भागीदारी ने बाजार में सकारात्मक माहौल तैयार किया। नए डिजाइनों, आधुनिक तकनीकों और व्यापारिक समझौतों ने यह संकेत दिया कि मांग धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। इस ज्वेलरी एग्जिबिशन के दौरान मिले व्यावसायिक ऑर्डर्स और निवेशकों का उत्साह इस बात का संकेत हैं कि आने वाले महीनों में ज्वेलरी कारोबार में नई बहार देखने को मिल सकती है। यदि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं तो ज्वेलरी उद्योग के लिए वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही उल्लेखनीय साबित हो सकती है। यह ज्वेलरी एग्जिबिशन केवल व्यापार नहीं, बल्कि पूरे उद्योग के आत्मविश्वास का उत्सव बनकर उभरी।

गोल्ड की बात की जाए, तो आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार गोल्ड की खरीद, राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती प्रवृत्ति ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर गोल्ड के पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। गोल्ड में हाल के उतार-चढ़ाव के बावजूद दीर्घकालिक संकेत सकारात्मक दिखाई दे रहे हैं। यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां इसी दिशा में बनी रहती हैं और घरेलू मांग त्योहारी सीजन में तेज होती है, तो दीपावली के बाद गोल्ड अपने पुराने उच्च स्तरों को फिर छू सकता है। भारतीय बाजार में ज्वेलरी की पारंपरिक मांग भी इस तेजी को अतिरिक्त समर्थन दे सकती है। आने वाले महीनों में कीमतों में मजबूती की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। ज्वेलरी उद्योग के लिए यह अवसर उत्पादन, स्टॉक प्रबंधन और बाजार रणनीति को समय रहते मजबूत करने का है।

सिल्वर फिलहाल अपने उच्चतम स्तर से लगभग दो लाख ३० हजार रुपये प्रति किलो नीचे कारोबार कर रही है। इससे बाजार में कुछ निराशा अवश्य है, लेकिन व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखें तो इसकी मूलभूत संभावनाएं अभी भी मजबूत बनी हुई हैं। औद्योगिक उपयोग, सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स और नई तकनीकों में बढ़ती मांग भविष्य में सिल्वर को फिर गति दे सकती है। हालांकि इसकी तेजी गोल्ड की तुलना में अधिक उतार-चढ़ाव वाली हो सकती है और निवेशकों को कमाई निकालने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे वैश्विक औद्योगिक गतिविधियां मजबूत होंगी और निवेशकों का भरोसा लौटेगा, सिल्वर भी अपनी खोई हुई चमक वापस हासिल कर सकता है। इसलिए निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि अल्पकालिक उतार-चढ़ाव के बजाय दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाना अधिक उचित होगा। धैर्य रखने वाले निवेशकों और कारोबारियों के लिए सिल्वर भविष्य में बेहतर अवसर प्रस्तुत कर सकती है। भारतीय ज्वेलरी उद्योग आज परिवर्तन और संभावनाओं के ऐसे दौर में खड़ा है, जहां नई पीढ़ी का उत्साह, आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार की दिशा और घरेलू मांग मिलकर भविष्य की नई कहानी लिख रहे हैं। आपकी इस प्रमुख पत्रिका 'आभूषण टाइम्स' का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उद्योग को दिशा, संवाद और प्रेरणा प्रदान करना भी है। युवा ज्वेलर्स को सम्मान देना, उद्योग की सकारात्मक उपलब्धियों को सामने लाना और बाजार की संभावनाओं का निष्पक्ष विश्लेषण करना हमारी निरंतर प्रतिबद्धता रहेगी। हमें विश्वास है कि आने वाले महीनों में भारतीय ज्वेलरी उद्योग और अधिक मजबूत होगा, गोल्ड और सिल्वर दोनों नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ेंगे तथा देश का जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करेगा। यही 'आभूषण टाइम्स' का संकल्प है और आपका हमा पर यही विश्वास हमारी शक्ति है।


 
 
 

Comments


Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page