top of page

ज्वेलरी इंडस्ट्री का बदलता परिदृश्य डिजाइन में बदलाव, नई परंपरा, और लाइट वेट में भविष्य

  • Aabhushan Times
  • 1 hour ago
  • 7 min read

भारत दुनिया का सबसे बड़ा ज्वेलरी बाजार है, लेकिन ज्वेलरी बिजनेस में लगातार नए नए बदलन हो रहे हैं। हालांकि ज्वेलरी एक्सपोर्ट और आईआईजेएस जैसी एग्जिबिशन ज्वेलरी इंडस्ट्री के विकास की मजबूत तस्वीर पेश करते हैं। लेकिन भारतीय ज्वेलरी का बदलता स्वरूप जो स्वीकार करेगा, वही भविष्य की दिशा तय करेगा। भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री आज एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां परंपरा और आधुनिकता साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं। कभी केवल गोल्ड और डायमंड की भारी ज्वेलरी तक सीमित रहने वाली यह इंडस्ट्री अब डिज़ाइन, तकनीक, हल्के वजन की ज्वेलरी, नई – नई धातुओं और बदलती उपभोक्ता पसंद के अनुरूप स्वयं को लगातार बदल रही है। वैश्विक बाजार में भारत की पहचान एक प्रमुख ज्वेलरी निर्माता और एक्सपोर्टक के रूप में स्थापित हो चुकी है। दूसरी ओर, देश का विशाल घरेलू बाजार ज्वेलरी इंडस्ट्री को स्थिरता और निरंतर मांग प्रदान कर रहा है। गोल्ड, सिल्वर और डायमंड की बढ़ती कीमतें, बदलती जीवन शैली, युवा ग्राहकों की नई पसंद, डिजिटल बिक्री और अंतरराष्ट्रीय कंपीटिशन ने ज्वेलरी इंडस्ट्री के सामने नई चुनौतियां भी खड़ी की हैं। लेकिन यही चुनौतियां नए अवसर भी लेकर आई हैं। भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री अब केवल पारंपरिक कारोबार नहीं, बल्कि नए नए प्रयोगों, ब्रांडिंग, डिज़ाइन और वैश्विक विस्तार का प्रतीक बनता जा रही है।

भारत को विश्व के सबसे बड़े ज्वेलरी बाजारों में गिना जाता है। गोल्ड, सिल्वर और डायमंड—तीनों क्षेत्रों में भारत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश न केवल विश्व के सबसे बड़े ज्वेलरी उपभोक्ता बाजारों में शामिल है, बल्कि ज्वेलरी निर्माण और एक्सपोर्ट का भी प्रमुख केंद्र है। विशेष रूप से कट और पॉलिश किए गए डायमंड के क्षेत्र में भारत की वैश्विक हिस्सेदारी बेहद मजबूत रही है। देश की लगभग 150 करोड़ की आबादी, विवाह, त्योहार और हमारी पुरातन सांस्कृतिक परंपराएं ज्वेलरी की मांग को निरंतर बनाए रखती हैं। इसलिए भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री को ग्राहकों की कमी की चिंता नहीं होती। असली चुनौती बदलती उपभोक्ता पसंद और फैशन ट्रेंड्स के साथ तालमेल बैठाने की है। आज का ग्राहक पारंपरिक डिज़ाइन के साथ आधुनिक स्टाइल भी चाहता है। यही कारण है कि ज्वेलर्स को लगातार नए कलेक्शन, नए डिज़ाइन और नई तकनीकों को अपनाना पड़ रहा है। भविष्य उसी का होगा जो तेजी से बदलती पसंद को समझेगा। द जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री ने समय-समय पर वैश्विक परिस्थितियों का सामना करते हुए भी अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है। कुछ वर्षों में वैश्विक आर्थिक सुस्ती, मांग में कमी या राजनीतिक तनावों से कभी कभार एक्सपोर्ट में अस्थायी गिरावट अवश्य दर्ज हुई, लेकिन दीर्घकालिक प्रवृत्ति वृद्धि की रही है। भारत आज भी विश्व के प्रमुख ज्वेलरी एक्सपोर्टर्स में शामिल है। इसी प्रकार आईआईजेएस जैसी एग्जिबिशन के हर वर्ष पहले से अधिक बड़े स्तर पर 3 विशाल शो आयोजित हो रहे हैं। इनमें देश-विदेश से हजारों खरीदार, निर्माता और एक्सपोर्टर भाग लेते हैं तथा करोड़ों रुपये के व्यापारिक समझौते होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में एग्जिबिशन का आकार, प्रतिभागियों की संख्या और व्यापारिक गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और मजबूत कर रहा है।

गोल्ड की लगातार बढ़ती कीमतों ने उपभोक्ताओं की ज्वेलरी खरीदारी की आदतों में बड़ा बदलाव ला दिया है। पहले जहां 22 कैरेट की भारी ज्वेलरी सबसे अधिक पसंद की जाती थी, वहीं अब हल्के वजन की ज्वेलरी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। 18 कैरेट, 14 कैरेट, 12 कैरेट और कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 9 कैरेट ज्वेलरी की मांग लगातार बढ़ रही है। लाइट वेट होने के कारण इनकी कीमत अपेक्षाकृत कम रहती है और आधुनिक डिज़ाइन इन्हें युवा ग्राहकों के बीच अधिक आकर्षक बनाते हैं। नई पीढ़ी के कई ज्वेलर्स भी लाइट वेट  ज्वेलरी की इसी दिशा में काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि भविष्य केवल मेटल के वजन में नहीं, बल्कि डिज़ाइन, उपयोगिता और फैशन में है। लाइट वेट  ज्वेलरी ऑफिस, रोजमर्रा के उपयोग और आधुनिक जीवन शैली के अनुरूप भी है। इसलिए आने वाले वर्षों में लाइट वेट ज्वेलरी के प्रति ज्वेलरी उपभोक्ताओं की यह प्रवृत्ति और मजबूत होने की संभावना दिखाई देती है।

पिछले कुछ वर्षों में सिल्वर ज्वेलरी का बाजार उल्लेखनीय रूप से विकसित हुआ है। पहले सिल्वर ज्वेलरी को 'गरीब का गोल्डÓ कहा जाता था और मुख्य रूप से पारंपरिक ज्वेलरी, सिक्कों और धार्मिक उपयोग तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहचान एक आधुनिक फैशन ज्वेलरी के रूप में भी बन रही है। ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर, स्टर्लिंग सिल्वर, डिजाइनर सिल्वर और जेमस्टोन आधारित सिल्वर ज्वेलरी युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। वैश्विक स्तर पर भी सिल्वर ज्वेलरी की मांग लगातार बढ़ रही है क्योंकि यह गोल्ड की तुलना में अधिक किफायती और फैशनेबल विकल्प प्रदान करती है। भारत के निर्माता भी अंतरराष्ट्रीय बाजार को ध्यान में रखते हुए नए-नए डिज़ाइन और कलेक्शन तैयार कर रहे हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया ने भी सिल्वर ज्वेलरी की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भविष्य में यह क्षेत्र भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री की सबसे तेज़ी से बढऩे वाली श्रेणियों में शामिल हो सकता है।

महंगे होते गोल्ड और सिल्वर के साथ-साथ कारीगरों की मजदूरी, निर्माण लागत और अन्य खर्चों में लगातार वृद्धि हुई है। इसका सीधा प्रभाव अंतिम उपभोक्ता की खरीदारी पर पड़ रहा है। अब ज्वेलरी खरीदने से पहले लोग उसकी क्वालिटी, डिज़ाइन, वजन और कीमतों आदि सभी पहलुओं पर पहले से अधिक विचार करते हैं। उपभोक्ता के मन में आए इसी इस बदलाव ने ज्वेलर्स को भी अपनी बिजनेस की रणनीति बदलने के लिए प्रेरित किया है। कई कंपनिया अब लाइट वेट, मॉड्यूलर डिज़ाइन, कस्टमाइज्ड ऑर्डर और मूल्य आधारित कलेक्शन पर अधिक ध्यान दे रही हैं। डिजिटल कैटलॉग, ऑनलाइन परामर्श और ओम्नी - चैनल बिक्री जैसे नए माध्यम भी तेजी से अपनाए जा रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि भविष्य का ज्वेलरी व्यापार केवल उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्राहक को बेहतर अनुभव और पर्सनल सेवा देना भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा। 

हमने देखा है कि नई पीढ़ी के ज्वेलर्स पारंपरिक व्यापारिक सोच से आगे बढक़र ब्रांडिंग, अभिनव प्रयोग और कस्टमर्स के एक्सपीरियंस पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। उनका मानना है कि आज के कंपीटिशन भरे बाजार में केवल गोल्ड, सिल्वर, प्लेटिनम या डायमंड की ज्वेलरी बेचना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ग्राहकों को ऐसे डिज़ाइन देना आवश्यक है जो उनकी खास पहचान बन सके। आधुनिक उपभोक्ता कस्टमाइज्ड,  लाइट वेट, मल्टी युजेबल ज्वेलरी और टाइमलेस डिज़ाइन चाहता है। इसलिए डिज़ाइन रिसर्च, थ्री-डी मॉडलिंग, कैड तकनीक और अंतरराष्ट्रीय फैशन ट्रेंड्स का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। हमारे बाजार के युवा उद्यमी सोशल मीडिया, डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन बिक्री के माध्यम से अपने ब्रांड को वैश्विक स्तर तक पहुंचा रहे हैं। इंडस्ट्री में अब यह धारणा मजबूत हो रही है कि आने वाले समय में डिज़ाइन ही सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धात्मक लाभ होगा। वास्तव में, ज्वेलरी की आत्मा उसकी डिज़ाइन में ही बसती है।

भारतीय ज्वेलरी की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विविधता है। कुंदन, पोल्की, जड़ाऊ, मीनाकारी, टेंपल ज्वेलरी, फिलिग्री, नवरत्न, जनजातीय ज्वेलरी और आधुनिक डायमंड सेट आदि हर शैली की अपनी अलग पहचान है। भारतीय ग्राहकों को आज भी ऐसी ज्वेलरी पसंद आती है जिसमें शाही भव्यता और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दे। साथ ही नई पीढ़ी लाइट, मिनिमल और बहुउद्देश्यीय डिज़ाइनों की ओर भी आकर्षित हो रही है। भविष्य में ऐसी ज्वेलरी अधिक लोकप्रिय होंगी जो पारंपरिक सौंदर्य और आधुनिक उपयोगिता का संतुलित मेल प्रस्तुत करे। व्यक्तिगत पसंद के अनुरूप कस्टमाइज्ड ज्वेलरी, कलर स्टोन्स का बढ़ता उपयोग, लैब-ग्रोन डायमंड, मिक्सड मेटल्स और डिजिटल डिज़ाइन आधारित ज्वेलरी कलेक्शन भारतीय बाजार की नई पहचान बन सकते हैं। बदलती जीवनशैली के साथ ज्वेलरी का स्वरूप भी लगातार विकसित होता रहेगा।

भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री आज वैश्विक प्रतिस्पर्धा, तकनीकी नवाचार और बदलती उपभोक्ता पसंद के बीच नए युग में प्रवेश कर चुकी है। विशाल घरेलू बाजार, मजबूत एक्सपोर्ट क्षमता, कुशल कारीगर और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं, बढ़ती कीमतें, बदलते फैशन ट्रेंड्स और नई पीढ़ी की अपेक्षाएं इंडस्ट्री को निरंतर नवाचार के लिए प्रेरित कर रही हैं। लाइट वेट ज्वेलरी, आधुनिक डिज़ाइन, सिल्वर और वैकल्पिक कैरेट ज्वेलरी का बढ़ता चलन भविष्य की दिशा तय करेगा। आने वाले वर्षों में वही ज्वेलर सबसे अधिक सफल होगा जो ज्वेलरी की परंपरागत आत्मा को बनाए रखते हुए उसमें आधुनिकता की मांग को समझेगा। भारतीय ज्वेलरी इंडस्ट्री की यात्रा अब केवल गोल्ड-सिल्वर के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रचनात्मकता, तकनीक, वैश्विक सोच और बदलती उपभोक्ता आकांक्षाओं के साथ नए स्वर्णिम अध्याय की ओर बढ़ रही है।

नोविल राणावत - स्वर्णशिल्प चेन्स एण्ड ज्वेलरी प्रा. लि.
नोविल राणावत - स्वर्णशिल्प चेन्स एण्ड ज्वेलरी प्रा. लि.

भारतीय ज्वेलरी उद्योग का सबसे बड़ा बदलाव ग्राहकों की सोच में आया है। पहले लोग केवल गोल्ड का वजन देखते थे, अब डिज़ाइन, फिनिशिंग और पहनने की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो गई है। नई पीढ़ी के ज्वेलर्स तकनीक और रचनात्मकता को अपनाकर वैश्विक बाजार के अनुरूप संग्रह तैयार कर रहे हैं। यही बदलाव आने वाले वर्षों में भारतीय ज्वेलरी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

निखिल जैन - समृद्धि ज्वेलक्राफ्ट
निखिल जैन - समृद्धि ज्वेलक्राफ्ट

भारत आज दुनिया का मजबूत जेम्स एंड ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग हब है। एक्सपोर्ट के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन वैश्विक कंपीटिशन भी पहले से अधिक है। ऐसे समय में क्वालिटी, समय पर डिलीवरी और नए नए डिज़ाइन ही देंगे। मेरा मानना है कि भारतीय ज्वेलर्स अपनी कारीगरी और डिजाइन के दम पर वैश्विक बाजार में और मजबूत पहचान बनाएंगे।

क्रिश जैन - शांती गोल्ड इंटरनेशनल लि.
क्रिश जैन - शांती गोल्ड इंटरनेशनल लि.

आज का ग्राहक लाइट वेट, स्टाइलिश और रोज़मर्रा में पहनी जा सकने वाली ज्वेलरी चाहता है। यही वजह है कि 18 कैरेट, 14 कैरेट और सिल्वर ज्वेलरी की मांग लगातार बढ़ रही है। डिज़ाइन अब केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि बिक्री का सबसे बड़ा आधार बन गया है। जो ज्वेलर बदलते ट्रेंड्स को जल्दी अपनाएगा, वही भविष्य में सबसे आगे रहेगा।

यश खाटेड - राज ज्वेलर्स ग्लोबल प्रा. लि.
यश खाटेड - राज ज्वेलर्स ग्लोबल प्रा. लि.

ज्वेलरी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ताकत विशाल घरेलू बाजार और कुशल कारीगर हैं। रेट में वृद्धि के बावजूद ग्राहकों की रुचि खत्म बनी हुई है, लेकिन प्राथमिकताएं जरूर बदली हैं। अब वैल्यू फॉर मनी, आधुनिक डिज़ाइन और भरोसेमंद ब्रांड अधिक महत्वपूर्ण हैं। मेरा मानना है कि आने वाले वर्षों में कस्टमर्स का एक्सपीरियंस ही ज्वेलरी बिजनेस की वास्तविक पहचान बनेगा।


 
 
 

Comments


Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page