संपादकीय...
- Aabhushan Times
- 1 day ago
- 4 min read
उतार - चढ़ाव के दौर में भी सदा अडिग ज्वेलरी सेक्टर

ज्वेलरी सेक्टर ग्राहकी के संकट से गुजर रहा है। गोल्ड और सिल्वर भारतीय समाज में केवल धातुएं नहीं, बल्कि विश्वास, परंपरा और आर्थिक सुरक्षा के प्रतीक रहे हैं। लेकिन बीते कुछ समय से गोल्ड और सिल्वर के जिस तरह से रेट तेज़ी से ऊपर-नीचे हो रहे हैं, उसने ज्वेलरी सेक्टर को एक बार फिर कठिन परीक्षा के दौर में ला खड़ा किया है। कभी ऐतिहासिक ऊंचाई, तो कभी अचानक आई गिरावट जैसी इस अस्थिरता ने ज्वेलर्स, कारीगरों, सप्लायर्स और ग्राहकों सभी को असमंजस में डाल दिया है। 'आभूषण टाइम्स' बाजार का सथी है, इसलिए इन हालातों से हम बेहतर वाकिफ हैं और आपकी चिंताओं को भी समझ रहे हैं। गोल्ड के रेट जहां वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, डॉलर की चाल और ब्याज दरों के उतार-चढ़ाव से प्रभावित हो रहे हैं, वहीं सिल्वर ने तो पिछले कुछ महीनों में अभूतपूर्व अस्थिरता दिखाई है। अचानक अर्श पर और फिर तेजी से सीधे फर्श पर। अचानक 4 लाख 15 हजार के आसमान पर, तो दो दिन में ही धड़ाम होकर 2 लाख 40 हजार के लेवल पर गिरावट। सिल्वर का एक समय 4 लाख 15 हजार रुपए रुपये प्रति किलो तक पहुंचना और फिर तेज़ी से नीचे आ जाना, केवल कीमतों की कहानी नहीं है, यह बाजार भरोसे के टूटने की भी कहानी है। इस पूरे परिदृश्य में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ज्वेलरी सेक्टर कैसे इस दबाव को झेल रहा है।
ज्वेलरी कारोबार की सबसे बड़ी ताकत उसका धैर्य और अनुकूलन क्षमता रही है। इतिहास गवाह है कि यह सेक्टर हर संकट में खड़ा रहा है, चाहे वह आर्थिक मंदी हो, नोटबंदी, जीएसटी का दौर, कोविड महामारी या फिर वैश्विक वित्तीय अस्थिरता। हर बार ज्वेलर्स ने परिस्थितियों के अनुसार अपने कारोबार को ढाला, लागत को नियंत्रित किया और ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखा। आज भी, जब रेट्स की अस्थिरता से खरीदी प्रभावित हो रही है, तब भी ज्वेलरी सेक्टर पूरी तरह टूटा नहीं है, बल्कि संयम के साथ आगे बढ़ रहा है। इस कठिन समय में ज्वेलरी सेक्टर की संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। देश भर की ज्वेलर्स एसोसिएशंस, ट्रेड बॉडीज़ और चैंबर्स लगातार सरकार, नीति - निर्माताओं और वैश्विक संस्थाओं के साथ संवाद बनाए हुए हैं। आयात शुल्क, जीएसटी, हॉलमार्किंग और अनुपालन से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक आवाज़ उठाना, आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सभी जानते हैं कि जब संस्थाएं व सरकार एकजुट होकर ज्वेलर्स के हित में खड़ी होती हैं, तभी व्यापार को स्थिरता और दिशा मिलती है।
व्यापारिक सहानुभूति का अर्थ केवल आर्थिक राहत नहीं होता, बल्कि मानसिक और व्यावसायिक संबल भी होता है। 'आभूषण टाइम्स' को आभास है कि छोटे और मध्यम ज्वेलर्स, जो इस सेक्टर की रीढ़ हैं, वे वर्तमान दौर में सबसे अधिक दबाव में हैं। ऊंचे रेट्स के कारण ज्वेलर्स के लिए स्टॉक का जोखिम बढ़ गया है, ग्राहक खरीदी टाल रहे हैं और मार्जिन सिमट रहे हैं। ऐसे में संस्थागत सहयोग, सामूहिक रणनीति और आपसी संवाद ही उन्हें आगे बढऩे की ताकत देता है। सभी जन रहे हैं कि यह समय एक -दूसरे से होड़ करने का नहीं, बल्कि एक - दूसरे के सहयोग का हाथ थामने का है। ग्रामीण भारत, जो सिल्वर और हल्के वजन की गोल्ड ज्वेलरी का बड़ा बाजार रहा है, वहां भी अस्थिर रेट्स का असर साफ दिख रहा है। विवाह और फेसिटवल सीजन में भी ग्राहक रुक-रुक कर खरीदी कर रहे हैं। यह स्थिति ज्वेलर्स के लिए चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन निराशाजनक नहीं। इतिहास बताता है कि जैसे ही रेट्स कुछ समय के लिए स्थिर होते हैं, मांग धीरे-धीरे लौटती है। भारतीय ग्राहक भावनाओं से जुड़ा है—उसे केवल सही समय और भरोसे की जरूरत होती है।
'आभूषण टाइम्स' यह मानता है कि ज्वेलरी सेक्टर का भविष्य केवल कीमतों से तय नहीं होगा, बल्कि विश्वास, पारदर्शिता और पेशेवर दृष्टिकोण से तय होगा। डिज़ाइन इनोवेशन, हल्की ज्वेलरी, कस्टमाइज़ेशन और ग्राहकों के साथ ईमानदार संवाद जैसे ये सभी ऐसे महत्वपूर्ण तत्व हैं जो अस्थिर बाजार में भी कारोबार को सहारा दे सकते हैं। आज का ग्राहक जागरूक है; वह मूल्य के साथ-साथ भरोसा भी खरीदता है। इस पूरे परिदृश्य में ज्वेलरी सेक्टर ने खुद को सम्हाले रखने की दिशा में जो अब तक किया है, वह कम उपलब्धि नहीं है। सीमित संसाधनों, बढ़ती लागत और अनिश्चित मांग के बावजूद कारोबार को जीवित रखना अपने आप में संघर्ष की मिसाल है। यह संघर्ष अकेले किसी एक ज्वेलर का नहीं, बल्कि पूरे सेक्टर का है और यही सामूहिक संघर्ष, आने वाले समय में सामूहिक सफलता का आधार बनेगा। 'आभूषण टाइम्स' हर हाल में आपके साथ है, पहले भी रहा है, और आगे भी रहेगा, इसीलिए हमारा मानना है कि अंतत: यह दौर भी बीत जाएगा। गोल्ड और सिल्वर अपनी चमक फिर पाएंगे, बाजार स्थिर होगा और ग्राहक लौटेंगे। लेकिन इस बीच जो सबसे जरूरी है, वह है—धैर्य, एकजुटता और आपसी सहानुभूति। 'आभूषण टाइम्स' का ज्वेलरी सेक्टर के हर सदस्य को संदेश है कि विश्वास रखिए, हमारा यह ज्वेलरी उद्योग, जो सदियों से भारत की आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान रहा है, हर हाल में अडिग रहेगा और आगे भी मजबूती से खड़ा रहेगा।










Comments